उत्तर प्रदेश सरकार में भाजपा के इलेक्ट्रानिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अजीत पाल के भाई कैप्टन इंदर पाल ने मंगलवार को सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में उन्हें पार्टी में शामिल किया गया। फोन पर हुई बातचीत में इंदर पाल ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं का सम्मान सुरक्षित नहीं है।
उनसे जुड़े लोग लगातार अपमानित हो रहे थे। पिता के साथ काम करने वाले उनके साथी भी उपेक्षित थे। सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक मथुरा प्रसाद पाल का 21 जुलाई 2017 को बीमारी के चलते निधन हो गया था। राजनीतिक विरासत संभालने को लेकर परिवार में खींचतान की बात सामने आई थी।
भाजपा ने उनके छोटे बेटे डेनमार्क में केमिकल इंजीनियर अजीत पाल को उप चुनाव में प्रत्याशी बनाया था। वह जीत कर विधायक बने तो उन्हें राज्यमंत्री बनाया गया। बता दें कि मथुरा प्रसाद पाल के निधन के बाद टिकट को लेकर कैप्टन इंदर पाल व छोटे भाई अजीत पाल के बीच काफी खींचतान हुई थी। अंत में अजीत को टिकट मिलने पर इंदर पाल खामोश हो गए थे।