कानपुर देहात। जवानी में ही हड्डियां दम तोड़ने लगी हैं। हड्डी और घुटने के दर्द से पीड़ित 40 से 50 युवा रोज जिला अस्पताल की ओपीडी में आ रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि अनियमित भोजन और नशे की वजह से युवाओं में यह समस्या तेजी से बढ़ रही है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को हड्डी के डॉक्टर के पास लंबी लाइन लगी। अकबरपुर के नौशाद अली ने डॉ. रामकुमार गौतम को बताया कि घुटने और कमर में दर्द हो रहा है। काउंसलिंग की तो पता चला कि वह नशा करता है। डॉ. रामकुमार ने उसे नशे से दूर रहने की हिदायत दी और कुछ दवाएं लिखी। मुंगीसापुर के रोहित तिवारी ने बताया कि कमर में तेज दर्ज होने की वजह से सीधे खड़े नहीं हो पा रहें। डॉ. रामकुमार ने बताया कि आजकल युवा नशे के लती हो चुके हैं। इस वजह से उनकी पाचन शक्ति कमजोर होती जा रही है।
शरीर में उसका दुष्प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि हर दिन 40 से 50 ऐसे युवा आते हैं। जो नशा करते और जंक फूड का सेवन ज्यादा करते हैं। उन्होंने बताया कि हड्डियां मजबूत होने से ही पूरा शरीर मजबूत होता है। जंक फूड का सेवन कम से कम करें। रात में सोने से पहले एक गिलास दूध पीएं। उसमें पर्याप्त मात्रा में कैल्शियम होता है। उन्होंने बताया कि वर्जिश और योग जरूर करें।