फेसबुक से दोस्ती के बाद किशोरी के अपहरण का प्रयास
जाति-धर्म छिपाकर की दोस्ती, आरोपी हिरासत में, पिता ने दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
कानपुर देहात। सिकंदरा कस्बे की एक किशोरी को फेसबुक पर दोस्ती करना महंगा पड़ गया। फेसबुक पर दोस्ती करने वाले युवक ने रविवार रात उसके अपहरण का प्रयास किया। परिजनों ने दोनों को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पहले तो पुलिस ने दोनों पर शांतिभंग की कार्रवाई की। फिर मामले ने तूल पकड़ा तो अपहरण के प्रयास की तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।
कस्बा एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि एक युवक ने जाति-धर्म छिपा कर बेटी से दोस्ती कर ली। फिर उससे मिलने के लिए दबाव बनाया। रविवार रात युवक एंबुलेंस लेकर अपने एक साथी के साथ कस्बा में आ गया। बेटी को बुला कर उसके अपहरण का प्रयास किया। शोर मचाने में उसके पैर पर लोहे की राड मार दी। मोहल्ले के लोगों ने युवकों को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों पर शांति भंग की कार्रवाई की खानापूरी कर दी। इसकी जानकारी किशोरी के पिता ने उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। अब किशोरी के पिता ने दोनों युवकों के खिलाफ अपहरण के प्रयास की तहरीर दी है। सीओ रविकांत गौड़ ने बताया कि तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।