कानपुर। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर शादी का झांसा देने और ब्लैकमेल कर 18 ग्राम सोना हड़पने के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों पर प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि जाजमऊ निवासी युवक ने युवती से 18 ग्राम सोने के सिक्के लेने के बाद पांच लाख रुपये की मांग की। 70 हजार रुपये लेने के लिए 11 अक्तूबर को नवीन मार्केट आए आरोपी के भाई फैजान अहमद को पुलिस ने पकड़ लिया। पीड़िता की तहरीर पर बादशाहीनाका थाना पुलिस ने कार्रवाई की है।
कुली बाजार निवासी 29 वर्षीय युवती के मुताबिक, सोशल मीडिया के जरिए उसकी मुलाकात छबीलेपुरवा, जाजमऊ निवासी अदनान से हुई थी। अदनान ने खुद को अविवाहित बताया और दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि शादी का वादा कर अदनान 14 अगस्त को उसे फूलबाग स्थित एक होटल ले गया। इसके बाद बदनाम करने और जान से मारने की धमकी देकर रुपये मांगने लगा।
पीड़िता के अनुसार, खुद और परिवार की जान को खतरा देखते हुए उसने 27 अगस्त को नवीन मार्केट में अदनान के भाई फैजान को पांच ग्राम का सोने का सिक्का दिया। छह और आठ अक्तूबर को जेड स्क्वायर मॉल के बाहर दो और सिक्के दिए। इस तरह कुल 18 ग्राम सोना दिया गया। इसके बावजूद अदनान पांच लाख रुपये मांग रहा था। बताया कि 11 अक्तूबर को आरोपी ने 70 हजार रुपये लेने के लिए युवती को नवीन मार्केट बुलाया। युवती के भाई की सूचना पर पुलिस ने फैजान अहमद को नवीन मार्केट से धर दबोचा।
बादशाहीनाका थाना प्रभारी राहुल कटियार ने बताया कि अदनान और फैजान के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली, धमकी और आपराधिक साजिश की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।