भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए जारी की तीसरी सूची में कई पुराने चेहरों को वरीयता दी है। ऐसे में कानपुर की सीसामऊ और आर्यनगर विधानसभा सीट पर प्रत्याशियों की अदला-बदली का भाजपा का दांव इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा में है। वर्ष 2017 में आर्यनगर से चुनाव लड़ने वाले सलिल विश्नोई को पार्टी इस बार सीसामऊ से आजमा रही है।
वहीं, सीसामऊ से चुनाव लड़े सुरेश अवस्थी को आर्यनगर में उतारा गया है। इस बदलाव के पीछे क्या गणित है, इसे हर कोई जानना चाहता है। सूत्रों की मानें तो यह बदलाव कर पार्टी ने दोनों प्रत्याशियों को भितरघात से बचाने की कोशिश की है, जिसके शिकार ये दोनों पिछले चुनाव में भी हुए थे।
पिछले चुनाव में शिकस्त के बाद सलिल विश्नोई ने भाजपा संगठन में अपनी पैठ जमाई और पहले प्रदेश महामंत्री फिर प्रदेश उपाध्यक्ष की भूमिका तक पहुंचे। इस बीच, उन्हें प्रदेश की सबसे प्रमुख और चर्चित प्रधानमंत्री मोदी की लोकसभा सीट वाराणसी का प्रभारी बनाया गया। वह एमएलसी भी हैं।