पुखरायां। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मावर गांव के पास कानपुर-झांसी हाईवे पर बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं उसके साथ मौजूद युवती समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
मूसानगर थाना क्षेत्र के सरौटा तृतीय गांव निवासी अखिलेश ने बताया कि वह बड़ी बहन की ससुराल उन्नाव गया हुआ था। वहां से छोटी बहन विनीता और रिश्तेदार उन्नाव के ही थाना फतेहपुर के शहरिया गांव के सरमन निषाद (25) को बाइक से लेकर वापस गांव आ रहा था।
भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मावर गांव के पास कानपुर-झांसी हाईवे पर पीछे से बाइक में बोलेरो टक्कर मारती हुई चली गई। हादसे में तीनों लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा।
वहां डॉक्टर ने सरमन निषाद को मृत घोषित कर दिया, वहीं विनीता का पैर कट गया। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई है। देवीपुर चौक इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।