लखनऊ में तैनात आयकर विभाग के सहायक आयुक्त के सुल्तानगढ़ स्थित मकान पर बदमाशों ने बुधवार तड़के करीब तीन बजे धावा बोल दिया। बदमाश करीब दो घंटे तक मकान के कमरों को खंगालते रहे।
खटपट होने पर सहायक आयुक्त के पिता की नींद खुली तो उन्होंने पड़ोसियों को बुला लिया। लोगों के आ जाने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और भागने लगे। ग्रामीणों ने एक बदमाश को दबोच लिया। सूचना पर पुलिस महकमा दौड़ पड़ा।
एसपी घटना का जायजा लेने पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में पकड़े गए बदमाश और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ चोरी और हत्या के प्रयास की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। परिजनों के मुताबिक, बदमाश करीब 15 लाख का सामान ले गए हैं।
थानाक्षेत्र के सुल्तानगढ़ निवासी किसान गौरीदत्त शुक्ला उर्फ लल्लन के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा पंकज शुक्ला असोथर पीएचसी में लैब टेक्रीशियन है और परिवार समेत कानपुर में रहकर आवाजाही करता है। छोटा बेटा सुधाकर शुक्ला लखनऊ मेें आयकर विभाग में सहायक आयुक्त के पद पर तैनात हैं।
सुधाकर का परिवार लखनऊ में रहता है। मंगलवार रात गौरीदत्त बाहर वाले कमरे में सोए थे, जबकि उनकी पत्नी कुसुमलता आंगन के बगल में बने कमरे में सोई थीं। बकौल गौरी दत्त, उन्हें तड़के करीब तीन बजे घर के अंदर खटपट सुनाई दी।
इस पर उन्होंने पड़ोस के किशन दीक्षित उर्फ सोनी, मनोज शुक्ला, सौरभ यादव, राजेंद्र कुशवाहा को इसकी जानकारी दी। बदमाशों के घर में छिपे होने की बात पर यह लोग लाठी-डंडे लेकर घेराबंदी करने के लिए गौरीदत्त के घर में दाखिल हो गए।
तभी एक बदमाश ने बांका मारा लेकिन किशन दीक्षित बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों से घिरा देख बदमाशों ने तभी फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। तभी ग्रामीणों ने एक बदमाश को दौड़ाकर पकड़ लिया जबकि बाकी भाग निकले।
ग्रामीणों के मुताबिक बदमाशों की संख्या करीब पांच थी। घटना की जानकारी पर एसपी प्रशांत वर्मा और एडिशनल एसपी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। फोरेंसिक टीम ने अफसरों के साथ मकान के हर हिस्से को खंगाला।
घटना के बाद बदमाश मकान के दक्षिणी हिस्से की ओर से भागे थे। बदमाशों ने छत की बाउंड्री भी तोड़ दी थी, ताकि भागने में आसानी हो। फोरेंसिक टीम को यहां इनके पैरों के निशान भी मिले हैं।
एसओ जाफरगंज विनोद कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवक के साथ उसके एक अज्ञात साथी पर चोरी, सेंध लगाने, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पकड़े गए बदमाश के पास से पुलिस ने नौ जिंदा कारतूस, तमंचा, रिंच, पेचकस, कटर बरामद किया है।