बीमा क्लेम हथियाने के लिए मां को कार से रौंदकर मार डालने वाले दो सगे भाइयों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। एक आरोपी पहले से ही जेल में है। जमानत पर चल रहे दूसरे को भी जेल भेज दिया गया है।
घटना तीन मई 2017 की बताई गई है। फतेहपुर जनपद के बिंदकी थानांतर्गत ठिठौरी गांव निवासी अमर सिंह अपनी मां गुड्डी देवी (40) को बाइक पर बैठाकर चित्रकूट दर्शन को ले गया था। लौटते समय तिंदवारी थाना क्षेत्र के बेंदा जौहरपुर गांव में उसरा नाले के नजदीक रात करीब 10 बजे सामने से आ रहे ट्रक को देखकर बाइक असंतुलित हो गई और उसमें बैठी गुड्डी देवी सड़क पर जा गिरी।
इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार जीप ने उसे रौंद दिया। पुत्र अमर ने तिंदवारी थाने में ट्रक चालक के विरुद्ध कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाने के तत्कालीन उप निरीक्षक उपेंद्र सिंह ने विवेचना शुरू की तो कुछ और मामला निकला।
पुलिस तफ्तीश के मुताबिक 23 वर्षीय अमर सिंह ने ही अपने छोटे भाई 21 वर्षीय राहुल सिंह के साथ मां की हत्या की साजिश रची थी। भाई से कहा था कि फतेहपुर से मोबाइल फोन और नया सिम लेकर अपनी निजी कार में तैयार रहना।