यूपी के बांदा जिले में कोर्ट के आदेश पर कोका कोला कंपनी के जनपद फैजाबाद कार्यालय के अधिकारी के खिलाफ शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। शहर के मोहल्ला ढीमर निवासी युवक की तहरीर पर कंपनी की लिम्का कोल्डड्रिंक की बोतलों में मांस के टुकड़े मिलने के मामले में कोर्ट ने कार्रवाई का आदेश दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मर्दन नाका के ढीमर मोहल्ला निवासी मनीष कश्यप ने कोर्ट में वाद दायर किया था। इसमें बताया था कि नौ जून 2022 को उसने अपने दोस्तों अमित सिंह, संदीप चौरसिया, नासिर अहमद और राशिद अहमद के साथ काला कुआं स्थित बेकरी शॉप से कोका कोला के लिम्का ब्रांड की पांच कोल्डड्रिंक की बोतलें खरीदीं थी। मनीष कश्यप और अमित सिंह ने बोतल का ढक्कन खोलकर कोल्डड्रिंक पी तो उल्टी शुरू हो गईं और दोनों बेहोश हो गए। तब साथियों ने देखा तो बोतलों में मांस के टुकड़े दिखे। तीन अन्य साथियों की बोतलों में भी मांस के टुकड़े दिखे।