बिंसडा थाना क्षेत्र के शिव गांव में एक मां ने अपने ही मासूम बेटे पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, परिजन मां को मानसिक रूप से अस्वस्थ बता रहे हैं।
बांदा जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र में घर में खेल रहे बालक पर मां ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बालक को परिजनों ने गंभीर हालत में रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। वहीं, परिजन महिला को मानसिक रूप से अस्वस्थ बता रहे हैं।
विज्ञापन
बिसंडा थाना क्षेत्र के शिव गांव में आदित्य (3) पुत्र दिलीप सिंह शुक्रवार को दोपहर घर के आंगन में खेल रहा था। तभी मां गोमती उसे उठाकर कमरे में ले गई और दरवाजा बंद कर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आदित्य के गले और चेहरे पर वार किया।
बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ताई और ताऊ संदीप सिंह घर की दीवार फांदकर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़कर बच्चे को बचाया। परिजनों ने बालक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। मेडिकल कॉलेज में डॉ. विवेक यादव ने बताया बालक की हालत खतरे से बाहर है।
वहीं, पिता दिलीप सिंह ने बताया कि गोमती की दिमागी हालत ठीक नहीं रहती। कई साल से उसका इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष बिसंडा आनंद कुमार ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। फिलहाल मामले की सूचना मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।