औरैया जिले में अछल्दा कस्बे स्थित हरीगंज बाजार में बुधवार सुबह एक मकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। मकान से धुंआ निकलते देख मोहल्ले के लोगों ने आग बुझाई। आग से गृह स्वामिनी का लगभग 60 हजार रुपये कीमत का सामान जलकर राख हो गया।
विज्ञापन
गृह स्वामी कमलेश कुमारी पत्नी राम सिंह और उनका पुत्र अनुज बुधवार की सुबह मकान का दरवाजा बंद करके मोहल्ले में ही किसी काम से गए थे। इसी बीच रसोईघर के पास लगे बिजली के बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। मकान से धुंआ निकलते देख लोग आग बुझाने में जुट गए। लगभग आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
अनुज कुमार ने बताया कि आग से दो मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड, फर्नीचर और दैनिक उपयोग की वस्तुओं समेत लगभग 60 हजार रुपये कीमत का सामान जलकर राख हो गया है। सूचना पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज सुरेश कुमार ने घटना की जानकारी क्षेत्रीय लेखपाल सत्येंद्र कुमार को दी। लेखपाल ने बताया कि पीड़िता को मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।