कानपुर देहात। सिकंदरा के प्रीतमपुर में एसजीएसटी (स्टेट गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स) की टीम ने बिहार से ट्रेलर पर करीब पांच लाख रुपये का लोहा (एमएस इंगट) लादकर पंजाब ले जाते पकड़ लिया। चालक ई-वे बिल नहीं दिखा सका। इस पर लोहा लदे ट्रेलर को टीम ने कब्जे में ले लिया है।
बिना ई-वे बिल के माल की ढुलाई नहीं की जा सकती है। हाईवे के रास्ते बिना ई-वे बिल के फैक्टरियों का माल ढुलाई की मुखबिरी पर एसजीएसटी की टीम सक्रिय थी। असिस्टेंट कमिश्नर घनश्याम की अगुवाई वाली टीम ने शनिवार को सिकंदरा के प्रीतमपुर में कानपुर-इटावा हाईवे पर बिहार से पंजाब जा रहे एमएस इंगट लदे ट्रेलर को पकड़ लिया।
एमएस इंगट को गलाकर सरिया, ग्रिल व अन्य वस्तुएं बनाई जाती है। चालक ने बताया कि माल करीब पांच लाख रुपये कीमत का है। ई-वे बिल नहीं दिखा पाने पर टीम ने ट्रेलर कब्जे में ले लिया।
लोहा लदा ट्रेलर कानपुर के लखनपुर स्थित एसजीएसटी के यार्ड में खड़ा कराया गया है। एसजीएसटी के ज्वाइंट कमिश्नर प्रवर्तन कमलेश कुमार ने बताया कि बिना वैध प्रपत्र के लोहा ढुलाई कर टैक्स की चोरी की जा रही थी। लोहा मालिक को तलब किया गया है। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।