यदि आप लाइसेंसी दुकान से अंग्रेजी शराब खरीद रहें हाें तो सावधान होकर शराब के स्वाद पर ध्यान दें। हो सकता है कि दुकानदार आप को असली बोतल में नकली शराब भरकर मनमाने दामों में रहा हो। कुछ ऐसा ही मामला कानपुर जनपद के कस्बा भीतरगांव की अग्रेजी शराब ठेका की दुकान मे रंगे हाथो पकड़ में आया है ।
यहां दुकान बाहर से बंद लेकिन दुकान के अंदर शराब के नकली स्वाद और पानी को मिलावट कर अंग्रेजी शराब को बड़े ब्रैंड का नाम देकर लाइसेंसी दुकान में मनमानी दर पर बेचा जा रहा था। आबकारी पुलिस ने कई गत्ते व मिलावट कर शराब तैयार करते रंगे हाथ चाचा भतीजे सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
आबकारी टीम ने पकड़ी अबैध शराब
- फोटो : अमर उजाला
संचितपुर गांव निवासी ग्राम प्रधान राधेश्याम मिश्रा की कस्बा भीतरगांव में अंग्रेजी शराब ठेका की लाइसेंसी दुकान है। भीतरगांव के अंग्रेजी शराब ठेका मंगलवार सुबह 10 बजे बाहर से बंद था लेकिन अंदर दुकान में मिलावट का खेल चल रहा था।
शराब में रंग, सोडा व पानी की मिलावट करके उसे अंग्रेजी शराब की शक्ल दी जा रही थी। मोटा फायदा कमाने के लिए शराब को असली अंग्रेजी शराब के बोतलों में भरकर बड़े नाम के ब्रैंड वाले रैपर इन पर लगाए जा रहे थे।
आबकारी टीम ने पकड़ी अबैध शराब
भीतरगांव मे मंगलवार को दुकान के बाहर आबकारी विभाग की तीन गाड़ियां अलग-अलग खड़ी होकर दुकान का निरीक्षण करने लगी तभी बंद दुकान के अंदर से खटपट की आवाज आयी। बहाने से दुकान खुलवाने पर पूरी आबकारी टीम अंदर गयी तो देखकर दंग रह गयी। टीम को मौके पर कई मिलावट संबंधी केमिकल मिले हैं। मौके पर मिलावट का खेल कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
घाटमपुर आबकारी इंस्पेक्टर अरविन्द शुक्ला ने बताया कि गुप्त सूचना पर टीम ने मौके पर छापा डाला है। जो भी रसायन मौके पर मिला है उसकी जांच की जाएगी। मिलावटी शराब की भी जांच कर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।