उत्तर प्रदेश शासन ने सोमवार को औरैया के जिलाधिकारी सुनील वर्मा को भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित कर दिया। वहीं, मंगलवार को ही उनके करीबियों पर सुबह से ही विजिलेंस टीम ने छापेमारी शुरू कर दी है।
भ्रष्टाचार के मामले में औरैया जिलाधिकारी सुनील वर्मा पर हुई कार्रवाई के बाद जिले में उनके खास माने जाने वालों के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। विजिलेंस टीम के छापे से सुनील वर्मा के अन्य खास लोगों में खलबली मची हुई है।
विज्ञापन
मंगलवार सुबह छह बजे से ही लखनऊ से आई विजिलेंस टीम ने छापेमारी शुरू की। सबसे पहले टीम ने डीएम सुनील वर्मा के करीबी माने जाने वाले खनन माफिया मख़लू पांडेय और हरी तिवारी के बीझलपुर अयाना स्थित आवासों और प्रतिष्ठानों पर छापा मारा गया। इस दौरान टीम ने संपत्ति से जुड़े और अन्य अहम दस्तावेज भी जब्त किए। साथ ही दोनों खनन माफियाओं से पूछताछ भी की गई।
इस कार्रवाई में सीओ देवप्रताप सिंह, निरीक्षक अभिमन्यु सिंह समेत विजिलेंस के कई अधिकारी मौजूद हैं। साथ ही स्थानीय पुलिस के अधिकारी भी मौजूद हैं। खनन माफिया पर हुई छापेमारी से अन्य अफसरों व ठेकेदारों में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस टीम आज जिले में कई जगह छापेमारी कर सकती है।