उन्नाव जिले में दो स्थानों पर रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आकर दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के गौरा कठेरुआ गांव निवासी 32 वर्षीय कुलदीप सिंह खेती कर परिवार का गुजारा चलाता था।
देर रात जैतीपुर रेलवे स्टेशन पर कानपुर से लखनऊ जाने वाले अप ट्रैक को पार करते समय वह कासगंज पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पहचान करा शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुलदीप की मौत से भाई सूरज, बहन रश्मि, पत्नी पूजा और तीन बच्चों का रोकर बुरा हाल रहा। उधर, कानपुर थाना नौबस्ता के मछरिया गांव निवासी 25 वर्षीय नरेंद्र दही थाना क्षेत्र के टीकरगढ़ी गांव में मामा के घर पर रहकर नौकरी करता था।
मंगलवार रात झंझरी गांव के बीच रेलवे लाइन को पार करते समय डाउन ट्रैक पर लखनऊ से कानपुर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। नरेंद्र की मौत की सूचना पर परिजन बेहाल हो गए।