अमर उजाला ब्यूरो
कायमगंज (फर्रुखाबाद)। नगर के मोहल्ला सदबाड़ा में शुक्रवार सुबह ट्रांसफार्मर फुंकने से चार मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी में लोग बिलबिला उठे। मोबाइल ट्रांसफार्मर की ट्राली का पहिया पंचर होने से उसे मौके पर पहुंचाया नहीं जा सका। इससे लोग पानी को भी तरस गए।
मोहल्ला सदबाड़ा में फूलमती देवी मंदिर के पास ट्रांसफार्मर रखा है। इससे मोहल्ला सदबाड़ा के अलावा नईबस्ती, नई कॉलोनी, मोहल्ला पाठक में बिजली दी जाती है। ट्रांसफार्मर शुक्रवार को अचानक धमाके के साथ फुंक गया था। इससे चारो मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उमस भरी भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं का बुरा हाल हो गया। उधर, बिजली आपूर्ति न होने से नगरपालिका की सप्लाई का पानी भी घरों तक नहीं पहुंचा।
लोगों को हैंडपंप पर लाइन लगानी पड़ी। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि दो दिन हो गए लेकिन ट्रांसफार्मर ठीक नहीं किया गया। विभाग को सूचना भी दी जा चुकी है। विद्युत विभाग के पास चार मोबाइल ट्रांसफार्मर हैं। लेकिन उनकी ट्राली के पहिए पंचर होने से कहीं ले जाए नहीं जा सकते हैं। चारों अलग-अलग स्थानों पर खड़े हैं। इस मामले में विद्युत विभाग से अधिशासी अभियंता, एसडीओ व जेई से मोबाइल पर संपर्क किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। मोबाइल स्विच ऑफ मिला।