कमालगंज। गेटमैन के साथ मारपीट में हस्तक्षेप करने वाले युवक ने थानाध्यक्ष कमालगंज समेत पांच पुलिस कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। पीड़ित युवक ने मामले में पुलिस से खतरा बताया है। युवक ने बताया कि पुलिस कर्मियों ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है।
कमालगंज के गांव समदपुर निवासी मनोज कुमार उर्फ अमित ने एसओ कमालगंज प्रदीप कुमार, दरोगा अनिल भदौरिया, सिपाही लल्लू भदौरिया व दो अज्ञात सिपाहियों के खिलाफ एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें कहा कि वह गर्भवती चाची को प्राइवेट गाड़ी से अस्पताल लेकर जा रहे थे। रेलवे फाटक रजीपुर के पास पुलिस कर्मी गेटमैन को
पीट रहे थे। यह देखकर गाड़ी रोक दी और मारपीट का कारण पूछा, तो पुलिस कर्मियों ने उसके साथ भी मारपीट करनी शुरू कर दी। इससे वह चुटहिल हो गया। पुलिस कर्मी उसको करीब एक घंटे तक वहां रोके रहे। इसके बाद उसको छोड़ा गया। तब चाची को लेकर अस्पताल गया। वहां चाची की डिलीवरी हुई तो मृतक बच्चे को जन्म दिया। पीड़ित युवक ने एसपी से कहा कि पुलिस कर्मियों ने उसको झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है।
फर्रुखाबाद। कमालगंज में रेलवे फाटक के गेटमैन के साथ हुई मारपीट के मामले में एनई रेलवे मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों में रोष व्याप्त है। संगठन के पदाधिकारियों और सहायक मंडल इंजीनियर के बीच गुरुवार को वार्ता हुई। सहायक मंडल इंजीनियर ने गेटमैन के साथ हुई मारपीट की मजिस्ट्रेट जांच करवाने का आश्वासन दिया। एनई रेलवे मजदूर यूनियन के अध्यक्ष अजीत भट्ट ने बताया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करेगा।
एसओ समेत पांच पुलिस कर्मियोें के खिलाफ तहरीर
युवक ने पुलिस कर्मियों से बताया खतरा, एसपी से शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो