शिवली। भाजपा राष्ट्रधर्म निभाने वाली देश भक्तों की पार्टी है। सभी लोग राष्ट्र धर्म को मजबूत करने के लिए भाजपा का समर्थन करें। केंद्र की भाजपा सरकार ने जन कल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का काम किया है। यह बात गुरुवार को शिवली में भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह भोले के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कही। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के बाद एक जिला-एक उत्पाद में सूती वस्त्र के लिए कानपुर देहात का चयन कराया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लोग अकेले भाजपा से लड़ने में सक्षम नहीं हैं इसलिए गठबंधन बनाने को मजबूर हुए हैं। मोदी लहर के सामने यह गठबंधन भी कुछ नहीं कर पाएगा और दोबारा केंद्र भी भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी। उन्होंने बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा में हुए गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि यूपी के दो लड़कों की टीम बिखर गई थी। यह लोग सिर्फ भाजपा के वोट काटने का काम करते हैं। इस बार बुआ और भतीजे साथ में हैं। इनका भी वही हश्र होगा। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा व तृणमूल कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के लोग प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं, जबकि उनकी पार्टी कुछ सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी बांग्लादेश से लोगों को प्रचार के लिए बुला रहीं हैं। उपमुख्यमंत्री ने शत्रुघ्न सिन्हा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह स्वयं कांग्रेस और उनकी पत्नी सपा से चुनाव लड़ रहीं हैं। उनके लिए परिवारवाद सबसे बड़ा धर्म है। इस मौके पर विधायक प्रतिभा शुक्ला, महेश त्रिवेदी, अभिजीत सिंह सांगा आदि मौजूद रहे।