फर्रुखाबाद। पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल की पत्नी वत्सला अग्रवाल को जोन प्रभारी नौशाद अली ने सदर सीट से बसपा प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इससे पूर्व जोन प्रभारी ने पत्रकार वार्ता कर मनोज अग्रवाल और उनकी पत्नी वत्सला अग्रवाल को अधिकृत तौर पर बसपा में शामिल करने की घोषणा की।
लोहाई रोड पर अपने आवास पर पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल ने जोन प्रभारी कानपुर मंडल नौशाद अली का माल्यार्पण कर स्वागत किया। जोन प्रभारी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सदर सीट से वत्सला अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया गया है। अन्य सीटों पर भी जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गौतम, सुदेश पाल और अवनीश आदि मौजूद रहे।
गौरतलब है कि 2002 में मनोज अग्रवाल व उनकी पत्नी वत्सला अग्रवाल बसपा में शामिल हुए। 2006 में मनोज अग्रवाल और 2012 में उनकी पत्नी वत्सला अग्रवाल बसपा के समर्थन से चेयरमैन बनीं। 2007 के विधानसभा चुनाव में सदर सीट से मनोज अग्रवाल को करारी हार का सामना करना पड़ा और 2009 में वह बसपा के एमएलसी बन गए। 2017 में महेंद्र कटियार को टिकट मिलने के बाद उन्होंने पार्टी के कार्यों में रुचि कम कर दी। इस पर बसपा ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाकर बाहर निकाल कर दिया था।
वत्सला अग्रवाल होंगी बसपा प्रत्याशी
पूर्व एमएलसी मनोज अग्रवाल व पत्नी वत्सला की हुई घर वापसी
जोन प्रभारी नौशाद अली ने की घोषणा, अन्य नामों की भी घोषणा जल्द
अमर उजाला ब्यूरो