नामांकन पत्र दाखिल कर लौटते सिकंदरा विधान सभा से भाजपा प्रत्याशी आजीत सिंह पाल। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। कलक्ट्रेट भवन शनिवार को विभिन्न दलों से विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन कराने आने वाले प्रत्याशियों से गुलजार रहा। तीन दिनों से अकबरपुर-रनियां, सिकंदरा व भोगनीपुर विधानसभाओं में नामांकन का खाता नहीं खुला था।
शनिवार को राज्यमंत्री ने भाजपा प्रत्याशी के तौर पर सिकंदरा सीट से व विधायक ने अकबरपुर-रनियां सीट से नामांकन कराया। दो निर्दलीय समेत कुल 13 प्रत्याशियों ने शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल किए।
अकबरपुर सीट से मौजूद समय भाजपा विधायक प्रतिभा शुक्ला ने शनिवार की दोपहर बाद कलक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन कराया। सपा से डॉ. राम प्रकाश कुशवाहा व बसपा से विनोद कुमार पाल ने नामांकन कराया।
वहीं भोगनीपुर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी नरेंद्र पाल सिंह ने सुबह सबसे पहले नामांकन कराया। इसी सीट से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) से अजेंद्र सिंह, पीस पार्टी से रणधीर और शोषित समाज पार्टी से अनिल कुमार सिंह ने नामांकन दाखिल किया है।
सिकंदरा विधानसभा सीट से बसपा के लाल जी, वोटर्स पार्टी इंटरनेशनल से मान सिंह ने नामांकन कराया। भाजपा से मौजूदा विधायक व राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल व सपा से प्रभाकर पांडेय ने भी नामांकन कराया।
इसी सीट से निर्दलीय शुभम पाल ने अपना पर्चा दाखिल किया। रसूलाबाद विधानसभा सीट से केशवपुरम आवास विकास कल्याणपुर निवासी बीडी कमलवंशी ने निर्दलीय के तौर पर नामांकन कराया है। अब तक नामांकन कराने वाले कुल प्रत्याशियों की संख्या 15 हो गई है।