रसूलाबाद थाने में खड़ी शराब लदी डीसीएम। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद (कानपुर देहात)। थाना पुलिस ने शनिवार शाम चेकिंग के दौरान झींझक रोड तिराहा पर एक डीसीएम को पकड़ा। तलाशी के दौरान डीसीएम में अंग्रेजी शराब लदी मिली। बिल्टी में दर्ज रूट से हटकर चालक डीसीएम को लेकर जा रहा था।
इस पर पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस को आशंका है कि यह शराब विधानसभा चुनाव में खपाने के लिए जिले में लाई गई है। पकड़ी गई शराब की बाजार में 23.92 लाख रुपये कीमत आंकी गई है।
मैनपुरी की नगर पंचायत ज्योती निवासी डीसीएम चालक अनिल कुमार गाजियाबाद से अंग्रेजी शराब की 350 पेटी लादकर बनारस जा रहा था। यह शराब फैक्टरी से लोड की गई थी। इसकी बिल्टी भी चालक ने पुलिस को दिखाई है।
पुलिस का कहना है कि बिल्टी में क्यूआर कोड नहीं है। इससे बिल्टी के फर्जी होने की आशंका है। वहीं बिल्टी में दर्ज रूट आगरा-एक्सप्रेस वे से कन्नौज होते हुए जीटी रोड से कानपुर फिर प्रयागराज होकर बनारस जाना था।
चालक यह रूट छोड़कर कन्नौज से बेला होते हुए रसूलाबाद आ गया। पुलिस विधानसभा चुनाव में खपाने के लिए शराब लाए जाने की बात कह रही है। इस मामले में थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह ने ट्रक चालक के खिलाफ शराब तस्करी व आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सीओ विजयेंद्र दुबे ने बताया कि यह अवैध शराब है, बिल्टी फर्जी है। चुनाव में खपाने के लिए यह शराब यहां लाई गई थी। शराब के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।