कानपुर देहात। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत 2217 लाभार्थियों के खातों में सोमवार को 11.75 करोड़ रुपये भेजे गए। पुखरायां में लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करने के दौरान डीएम जेपी सिंह ने कहा कि हम सब का उद्देश्य है कि पात्रों को हर सरकारी योजना का लाभ मिले। इस दौरान डीएम ने लाभार्थियों को योजना के प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
कार्यक्रम में डीएम ने लोगों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पात्रों के खातों में रुपये भेजा जा चुका है। अब वह अपने आवास का निर्माण करा सकते हैं। आवास योजना के तहत दस व स्वनिधि योजना के तहत पांच लोगों को प्रमाण दिया गया। इस दौरान एसडीएम दीपाली भार्गव, नगर पालिका अध्यक्ष सत्यप्रकाश संखवार, ईओ राम अचल कुरील आदि मौजूद रहे।
रसूलाबाद नगर पंचायत में विधायक निर्मला संखवार की मौजूदगी में लाभार्थियों को प्रमाण पत्र बांटे गए। यहां पचास पात्रों को प्रमाण पत्र दिए। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष राजरानी, तहसीलदार अजीत कुमार यादव, लिपिक अमित कुमार आदि मौजूद रहे। इसी प्रकार झींझक, सिकंदरा, शिवली आदि जगहों पर भी कार्यक्रम कर पात्रों के खाते में रुपये भेजने के बाद प्रमाण पत्र दिए गए।
झींझक नगर पालिका में ईओ राम अचल कुरील ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत दस लोगों को लोन किया गया था। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सरोजनी संखवार, वरिष्ठ लिपिक उमाकांत दीक्षित, सभासद गोलू राजावत, कन्हैया पोरवाल, अनुराग गुप्ता, कंप्यूटर ऑपरेटर आशीष बाथम आदि मौजूद रहे।
वहीं शिवली में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दस लाभार्थियों को प्रमाण पत्र एसडीएम रामशिरोमणि ने नगर पंचायत कार्यालय में दिए। इससे पहले एलईडी पर मुख्यमंत्री का कार्यक्रम दिखाया गया। यहां चेयरमैन अवधेश शुक्ला मौजूद रहे।