नेहरू युवा केंद्र में दो कंप्यूटर आपरेटर व आठ
ब्लाकों के लिए 16 राष्ट्रीय युवा कोर एनवाईसी के पदों के साक्षात्कार के
लिए आवेदकों का सुबह 10 बजे विकास भवन में जमघट लग गया। 11 बजे के बाद चयन
कमेटी ने साक्षात्कार प्रक्रिया को शुरू किया।
इस दौरान साक्षात्कार
देने के लिए आए अभ्यर्थी बेसिक सवालों के जवाब नहीं दे पाए। अभ्यर्थियों को
प्रधानमंत्री, राज्यपाल व राष्ट्रपति तक का नाम नहीं मालूम था। चयन समिति
के अध्यक्ष मुख्य विकास अधिकारी उदयराज यादव, नेहरू युवा केंद्र नई दिल्ली
से नामित सदस्य सूर्यकांत दीक्षित, उप निदेशक नेहरू युवा केंद्र उत्तम जोत
सिंह ने आवेदकों को साक्षात्कार के लिए बुलाना शुरू किया।
इस दौरान उनसे
ब्लाक का नाम, मुख्यमंत्री का नाम, प्रधानमंत्री, किस पद के लिए आवेदन किया
पूछा। इस दौरान अधिकतर इधर-उधर ताकते नजर आएं। एक युवती ने कन्नौज में
ब्लाकों की संख्या 72 बताया। इस बाबत अकाउंटेंट ने बताया कि स्वीकृत
पदों के लिए 154 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इसमें जांच के दौरान 26
आवेदन निरस्त कर दिए गए।
128 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया
था, जिसमें 23 गैरहाजिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लाक में दो
की नियुक्ति होनी है। कहा कि चयनित अभ्यर्थियों की सूची जल्द ही कार्यालय
में चस्पा कर दी जाएगी। इस मौके पर लिपिक चक्रेश पांडेय और विवेक सिंह सहित
अन्य लोग मौजूद थे।