सहतवार कसबा में स्थित जर्जर सब्जी मंडी।
नगर की सब्जी मंडी में थोक कारोबार को लेकर दो धड़े हो गए हैं। एक धड़ा नवीन मंडी स्थल पर ही थोक कारोबार के लिए सहमत है। दूसरा धड़ा पुराने स्थान पर ही कारोबार शुरू कराने की कवायद में जुट गया है। इसके लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर गुहार लगाई गई है। पिछले दिनाें अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत प्रशासन ने आढ़तियों की सहमति पर कोतवाली के पास काफी वर्षों से चल रहे सब्जी के थोक कारोबार को नवीन मंडी स्थल पहुंचा दिया था।
सब्जी कारोबारियों का एक धड़ा इसके विरोध में आ गया था। प्रशासन की सख्ती के आगे इनकी एक नहीं चली थी। पिछले दिनों इसी धड़े के नुमाइंदों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था। इसमें कई सब्जी कारोबारियों के फर्जी हस्ताक्षर की बात सामने आई थी। इसके विरोध में पिछले दिनों नवीन मंडी स्थल के सब्जी कारोबारियों ने गल्ला आलू व्यापारी संघ के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन करते हुए मंडी पर्यवेक्षक को ज्ञापन सौंपा था। इसमें मंडी में ही कारोबार करने की बात कही गई थी।
उधर शनिवार को एक बार फिर सब्जी कारोबारी मुन्नू खां, जीशान, नफीसुल हसन, मोहम्मद इमरान, अश्वनी, सुरेंद्र, संतोष, राजेश, अनवार सहित करीब दो दर्जन लोगों ने हस्ताक्षर कर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है । इसमें कहा गया है कि नगर की पुरानी सब्जी मंडी में ही सब्जी का थोक कारोबार पूर्व की भांति शुरू कराया जाए। किसानों की सब्जी को पुरानी मंडी में उतारने नहीं दिया गया। इससे फुटकर दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हरी सब्जियों के भाव भी काफी नीचे आ गए हैं। ऐसे में पुरानी सब्जी मंडी को ही पुन:बहाल कर पूर्व की भांति थोक कारोबार शुरू कराया जाए।