कन्नौज। शहर की पंजाब नेशनल बैंक के कैश काउंटर से 10 लाख रुपये पार करने वाले शातिर चोरों का कनेक्शन छत्तीसगढ़ राज्य के गोवा कस्बे से जुड़ा है। इन्होंने ही फर्रुखाबाद की स्टेट बैंक के काउंटर से लाखों रुपये पार किए थे। गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने कई राज्यों में दबिश देकर लाखों रुपये खर्च कर दिए। इसके बाद भी अब तक नतीजा सिफर है।
शहर के अशोक नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के कैश काउंटर से तीन सितंबर को मास्क और टोपी लगाए युवक ने 10 लाख रुपये पार कर दिए थे। युवक का साथी भी इसमें शामिल रहा। बैंक में दिनदहाड़े चोरी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। सर्विलांस और स्वाट टीम की छानबीन में एक सितंबर को इसी तरह फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद की स्टेट बैंक में कैश काउंटर से चार लाख रुपये पार करने का मामला सामने आया। जांच में पता चला कि गिरोह में करीब तीन चोर शामिल हैं। यह छत्तीसगढ़ के गोवा कस्बे के रहने वाले हैं। राज्य बदलकर बैंकों और बैंकों से रुपये निकालने वाले लोगों को निशाना बनाते हैं।
पुलिस टीमें चोरों को पकड़ने के लिए कई बार छत्तीसगढ़ में दबिश दी दे चुकी हैं। उत्तराखंड और मध्यप्रदेश में भी दबिश दी गई। इनकी लोकेशन के आधार पर दबिश में पुलिस अब तक डेढ़ लाख रुपये खर्च कर चुकी है। इसके बाद भी यह हाथ नहीं चढ़ सके। वहीं सीओ सदर शिव प्रताप सिंह ने बताया कि टीमें छानबीन में जुटी हैं। चोरों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
24 घंटे में बदल जाती लोकेशन, पुलिस चकरघिन्नी बनी
बैंक में चोरी करने वाले बेहद शातिर हैं। यह कई सिम कार्डों का प्रयोग करते हैं। इनसे साथियों से ही बात करते हैं। परिवार के लोगों से संपर्क नहीं करते हैं। इनकी लोकेशन अक्सर राजस्थान, उत्तराखंड और मध्यप्रदेश में मिलती है। 24 घंटे के बाद यह दूसरे राज्य पहुंच जाते हैं। इससे इन्हें पकड़ने में पुलिस चकरघिन्नी बन गई है।