कन्नौज। शहर में निकल रही श्रीराम बरात में नर्तकियों का नाच देखने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। इससे बरात में भगदड़ मच गई। पुलिसकर्मियों ने मामले को शांत कराया। विवाद करने वाले युवक मौके से भाग निकले।
बुधवार रात श्री पंचमुखी दुग्धेश्वर महादेवी आदर्श रामलीला समिति एसबीएस इंटर कालेज की ओर से श्रीराम बरात और शोभायात्रा निकल रही थी। इस दौरान रात करीब 12 बजे नगर पालिका कार्यालय के सामने नर्तकियों का नाच देखने के लिए युवकों में धक्कामुक्की होने लगी। इस दौरान दोनों पक्ष के लोग पहुंच गए। इनमें गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। इससे भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराया।
कोतवाल आलोक कुमार दुबे ने बताया कि मारपीट करने वाले युवक भाग निकले। इनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।