गुरसहायगंज(कन्नौज)। वाहन सवार बदमाशों ने सवारी के रूप में बैठीं दो महिलाओं को नशीली चीज सुंघाकर नगदी और लाखों रुपये के जेवर ले लिए। इसके बाद बेहोशी की हालत में बच्चों समेत रामगंज बाईपास पर सड़क किनारे फेंककर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना बिल्हौर के गांव केसरीपुरवा निवासी सिया दुलारी जेठानी सुशीला और दो बच्चों के साथ मंगलवार को थाना कमालगंज के गांव गदनापुर रिश्तेदारी में जा रही थीं। दोनों महिलाएं और बच्चे बिल्हौर से वाहन में कमालगंज आने के लिए सवार हुए। रास्ते में वाहन में सवार बदमाशों ने दोनों महिलाओं को नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इससे यह बेहोश हो गईं। बदमाश इनके पास से करीब एक लाख रुपये से अधिक के सोने, चांदी के जेवर और तीन हजार रुपये समेट ले गए। इसके बाद बदमाशों ने बच्चों सहित पश्चिमी बाईपास पर सड़क किनारे फेंक दिया। सड़क किनारे बेसुध महिलाओं को देखकर लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
दरोगा श्रीराम पटेल पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। बेहोशी की हालत में मिलीं महिलाओं को सीएचसी पहुंचाया गया। यहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सिया दुलारी के पुत्र घनश्याम ने बताया कि बदमाश एक लाख से अधिक के सोने, चांदी के जेवर और नगदी ले गए।