छिबरामऊ(कन्नौज)। पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस के आरोपी युवक को गिरफ्तार करने के कुछ देर बाद उसके पिता ने दम तोड़ दिया।
मामला नगर के एक मोहल्ले का है। पांच साल की मासूम के साथ एक अगस्त को मोहल्ले के युवक ने टॉफी का लालच देकर दुष्कर्म किया था। बच्ची माता-पिता के साथ कोतवाली पहुंची। इसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक को दबोच लिया। यहां से पुलिस के रवैये से संतुष्ट न होने पर परिजन एसपी के पास गुहार लगाने कन्नौज पहुंचे। मामला आला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। वहीं बेटे की गिरफ्तारी होने के सदमे में बीमार चल रहे पिता ने दम तोड़ दिया।
अब मासूम के पीड़ित पिता का कहना है कि वह मोहल्ले के बुजुर्गों के कहने पर आरोपी से समझौता कर रहे हैं। इस संबंध में सीओ शिव कुमार थापा का कहना है कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। वादी के समझौतेे के लिए लिखकर देने की वजह से आरोपी को छोड़ दिया गया है।