कन्नौज। प्रदेश सरकार ने मंगलवार को जिले में नवीन राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय की स्थापना की संस्तुति की है। नवोदय की तरह आश्रम पद्धति स्कूल में नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी। यह विद्यालय अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की बहुलता को देखते हुए आवंटित किया गया है। विद्यालय के निर्माण के लिए पांच एकड़ भूमि का प्रबंध किया जा चुका है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अंजनी कुमार ने बताया कि शासन ने जिले में अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अन्य वर्गों के छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क आवासीय सुविधा के लिए राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय की संस्तुति की है। आश्रम पद्धति विद्यालयों में नवोदय विद्यालयों की भांति कक्षा छह से कक्षा 12 तक शिक्षा दी जाती है। इन विद्यालयों में 85 प्रतिशत छात्र ग्रामीण तथा 15 प्रतिशत शहरी क्षेत्र से चयनित किए जाते हैं।
इन विद्यालयों में 60 प्रतिशत अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, 25 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग तथा 15 प्रतिशत सामान्य वर्ग के बच्चों को प्रवेश दिया जाता है। कक्षा छह से कक्षा 12 तक प्रत्येक कक्षा में 35-35 छात्रों के दो सेक्शन संचालित होते हैं। विद्यालय में छात्र संख्या 490 होती है।