तालग्राम(कन्नौज)। थाना क्षेत्र के बनियानी गांव में मकान के बरामदे में बालक का शव फंदे पर लटका मिला। माता-पिता ने जमीन की रंजिश में गांव के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
बनियानी गांव निवासी किसान राजेश कुमार यादव खेतीबाड़ी करते हैं। पत्नी स्नेहलता प्राथमिक विद्यालय नरमऊ में शिक्षामित्र हैं। गुरुवार सुबह स्नेहलता नौ वर्षीय बेटे सचिन को घर छोड़ कर स्कूल चली गईं। पिता पंकज सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने चले गए। दोपहर तीन बजे के करीब माता-पिता घर लौटे। मकान के बरामदे में सचिन का शव फंदे पर लटका देखकर बेहोश गए। राजेश ने गांव के एक शख्स पर जमीन की रंजिश में बेटे की हत्या कर फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी बैजनाथ का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। कार्रवाई की जा रही। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से असलियत का पता चलेगा। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी छानबीन शुरू कर दी है।