अस्पताल में भर्ती स्टाफ नर्स आरती।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ(कन्नौज)। नगर के सौ शय्या अस्पताल में पैरामेडिकल स्टाफ की नौकरी को लेकर चल रहा गतिरोध अब खत्म हो सकता है। सीएमएस ने स्टाफ को सेवाएं जारी रखने के लिए लिखकर देने का आश्वासन दिया है। हालांकि सीएमएस से वार्ता के दौरान स्टाफ नर्स बेहोश होकर गिर गई। अस्पताल में भर्ती किया गया।
सोमवार को सीएमएस डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को वार्ता के लिए बुलाया। इस दौरान स्टाफ नर्स आरती बेहोश होकर गिर गईं। इससे हड़कंप मच गया। स्टाफ नर्स को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। उधर, स्वास्थ्य कर्मी सीएमएस से सेवाएं जारी रखने को लेकर सवाल-जवाब कर रहे थे। इन्होंने सेवाओं के संबंध में लिखित आश्वासन मांगा। सीएमएस ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों के व्हाट्सएप ग्रुप पर सेवाएं जारी रखने का लेटर डाल दिया जाएगा। इसके बाद स्टाफ ने राहत की सांस ली।
इस दौरान शालू वर्मा, कामिनी शाक्य, सोनाली यादव, पवन कुमार, सरनाम सिंह, अमित कुमार दुबे, रंजना सहित कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे। दूसरी ओर स्वास्थ्यकर्मियों ने सीएमएस से फर्रुखाबाद से आने वाले सप्लायर के खिलाफ शिकायत की है। इन्होंने बताया कि उसका हस्तक्षेप जरूरत से ज्यादा है। अस्पताल के ग्रुप में भी उसे महत्व दिया गया है। सीएमएस ने स्वास्थ्य कर्मियों को उनकी सभी शिकायतों का निस्तारण करने का भरोसा दिलाया।