सड़क पर जाम लगाए महिलाओं को फटकारती पुलिस।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा(कन्नौज)। तीन माह से बिजली न आने से आक्रोशित महिलाओं ने बिजली घर के सामने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को डांट-फटकार कर जाम खुलवाया।
कोतवाली के जटियापुर गांव में बिजली समस्या से लोग परेशान हैं। तकरीबन तीन माह से बिजली नहीं आ रही है। इससे परेशान महिलाएं बुधवार सुबह उपकेंद्र पर पहुंच गईं। यहां हंगामा करते हुए तिर्वा-कन्नौज सड़क पर जाम लगा दिया। यहां प्रदर्शन करने लगीं। महिलाओं का आरोप था कि वह तीन माह से बिजली संकट से जूझ रही हैं। बिजली विभाग ने लाइन के तार खुलवाकर जमीन पर डाल दिए। इन्हें खंभे से नहीं बांधा गया। इससे बिजली नहीं आ रही। गांव के बाहर बिजली आती है। यहीं के घरों से सबमर्सिबल का पानी लाना पड़ता है।
प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे इंदरगढ़ थानाध्यक्ष राजकुमार ने महिलाओं को डांट फटकार कर जाम खुलवा दिया। एसडीओ सुधांशु श्रीवास्तव ने बताया कि महिलाओं की ओर से तीन माह से आपूर्ति बाधित होने का आरोप गलत है। बुधवार को फाल्ट से गांव के करीब दस मकानों में बिजली गुल थी। फाल्ट को ठीक कराया जा रहा है।