कन्नौज। अडानी ग्रुप के वेयर हाउस के लिए बन रही रेलवे लाइन और सड़क मार्ग को अराजकतत्वों ने जेसीबी मशीन से उखाड़ दिया। मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अडानी एग्री लॉजिस्टिक कंपनी ने मैनेजर मनीवन्नान ने कोतवाली में तहरीर दी है। इसमें बताया कि बिचनीपुर्वा गांव के मौजा जेवां में 1.580 हेक्टेयर जमीन जानकी प्रसाद से खरीदी है। इस पर अडानी ग्रुप ने वेयर हाउस बनाना शुरू कर दिया है। वेयर हाउस तक ग्रुप रेलवे पटरी बिछाने और सड़क का निर्माण कर रहा है। 26 जुलाई की रात गांव के मुकेश पाल, बृजेश और रिंकू ने जेसीबी से सड़क में गड्ढे कर दिए। रेलवे की पटरी बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे जेसीबी से भर दिया।
मैनेजर ने बताया कि आरोपी दबंग किस्म के हैं। यह अक्सर आकर काम रोक देते हैं। कहते हैं कि यहां वेयर हाउस का निर्माण नहीं होने देंगे। कंपनी इस पर फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया के भंडारण के लिए निर्माण करा रही है। मैनेजर ने 27 जुलाई को इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी। पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद शुक्रवार को सदर कोतवाली में रिपोर्ट तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि कंपनी ने तीन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। साक्ष्यों के आधार पर जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।