कन्नौज। जिले में कोई भी कार्यक्रम बिना अनुमति के नहीं किया जाएगा। इसके अलावा रात में लाउडस्पीकर बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। रविवार को डीएम और एसपी ने नवरात्र, दुर्गापूजा और बारावफात शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए बैठक की। थाना प्रभारी और अन्य अधिकारियों से कहा कि त्योहारों में कोई नई परंपरा को न जोड़ा जाए। सोशल डिस्टेसिंग एवं कोविड-19 गाइडलाइन का अनुपालन शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के साथ साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
त्योहारों को लेकर डीएम राकेश कुमार मिश्रा और एसपी प्रशांत वर्मा ने रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में डीएम ने कहा कि नवरात्र, दुर्गापूजा, दीपावली और बारावफात को लेकर थानास्तर पर पीस कमेटी की बैठक करें। सभी कार्यक्रम स्थलों पर कोविड-19 हेल्पडेस्क व कोविड से बचाव संबधित एक-एक बैनर आवश्यक रूप से लगाना जरूरी है।
कोतवाली सदर, छिबरामऊ, विशुनगढ़, तिर्वा, सौरिख और गुरसहायगंज में फ्लैग मार्च कराया जाए। लाउडस्पीकर पर कोई भी अश्लील गाने न बजाए जाए जबकि रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक लाउडस्पीकर बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। ऐसे करने पर आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।