छिबरामऊ(कन्नौज)। मारपीट के एक मामले में चिकित्सीय परीक्षण के दौरान रेफर करने के नाम पर 10 हजार रुपये लेने की फोटो वायरल हुई है। इसके बाद भी दो घायलों को कन्नौज रेफर न करने पर स्वास्थ्य अधिकारियों से शिकायत की गई है।
कल्यानपुर निवासी ज्योति पुत्री पप्पू ने बताया कि नौ नवंबर को भैंस बांधने को लेकर गांव के कुछ लोगों से झगड़ा हो गया था। इसमें उसे, पिता पप्पू व मां मीना को चोटें आई थीं। पुलिस ने तीनों घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। यहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक और दो कर्मचारियों ने सभी को कन्नौज रेफर करने के नाम पर दस हजार रुपये ले लिए। कर्मचारी को पिता ने दस हजार रुपये दिए तो उसने चुपके से फोटो खींच ली। युवती ने आरोप लगाया कि रुपये लेने के बाद भी दो लोगों को कन्नौज रेफर नहीं किया गया। इस पर युवती ने फोटो वायरल कर दी। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
वहीं प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल मिश्रा ने बताया कि चिकित्सक ने रुपये लेने की बात से इनकार किया है। स्वास्थ्य कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इस संबंध में सीएमओ डॉ. विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच के प्रभारी चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए गए हैं।