चपुन्ना (कन्नौज)। फर्जी अभिलेखों के सहारे पंचायत सहायक के पद पर नियुक्ति पाने वाले युवक ने जांच शुरू होने से पहले ही इस्तीफा सौंप दिया। इस मामले में डीएम व सीडीओ ने जांच के बाद विधिक कार्रवाई के निर्देश जारी किए थे। जांच अधिकारी ने अभी रिपोर्ट नहीं सौंपी है।
हसेरन विकास खंड की मुर्रा ग्राम पंचायत के युवक ने फर्जी अभिलेखों की मदद से पंचायत सहायक के पद पर नियुक्ति पाई थी। गांव के मोहम्मद इकबाल ने डीएम राकेश मिश्र व सीडीओ आरएन सिंह से शिकायत की थी। इसमें कहा था कि युवक ने दो बार हाईस्कूल की परीक्षा पास की है। दोनों बार अलग- अलग नामों से परीक्षा दी। मतदाता सूची में भी दो नाम दर्ज है। नियुक्ति में फर्जीवाडे़ के मामले को संज्ञान में लेते हुए अफसरों ने बीडीओ अखिलेश तिवारी को जांच के निर्देश दिए थे।
बीडीओ ने बताया कि जांच ग्राम विकास अधिकारी कृष्ण कुमार से कराई जा रही है। जांच शुरू होने से पहले ही आरोपी युवक ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। अभी जांच रिपोर्ट नहीं आई है। अफसरों से निर्देश मिलने के बाद युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।