छिबरामऊ। क्षेत्र के ग्राम सराय सुंदर में नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण में ब्रह्मदेव का मंदिर आ जाने से ग्रामीणों ने पीछे ही दूसरे स्थान पर पेड़ लगाकर चबूतरे का निर्माण शुरु कर दिया। कालेज प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को बंद करा दिया।
जीटी रोड के किनारे स्थित सराय सुंदर गांव में ब्रह्मदेव का मंदिर है। हाईवे के चौड़ीकरण की जद में मंदिर के आ जाने से ग्रामीणों ने इसके पीछे ही पीपल का पेड़ लगाकर स्थापना कर दी। रविवार को ग्रामीण इसी जगह पर चबूतरे का निर्माण करा रहे थे। तभी निजी विद्यालय के प्रबंधक ने अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए पुलिस से मामले की शिकायत कर दी।
मामले की जानकारी पाकर एसआई अजब सिंह, एसआई किशनपाल सिंह, एसआई राम सिंह मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य पर रोक लगा दी। ग्रामीण इसी जगह पर मंदिर का निर्माण करने पर अड़े हुए थे। इस संबंध में कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि आपसी सहमति से रास्ता निकाला जा रहा है। दोनों पक्षों को बैठाकर सहमति बनाई जा रही है।
-------