गुरसहायगंज। दीपक की लौ से जनरल स्टोर और रेडीमेड कपड़े की दुकान में आग लग गई। हादसे में करीब चार लाख का सामान और कपड़े जलकर राख हो गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
कस्बा के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी राजा रतन सिंह की सब्जी मंडी के पास जनरल स्टोर और रेडीमेड कपड़े की दुकान है। दिवाली पर दुकान के अंदर उन्होंने पूजन किया था। इससे अंदर दीपक जलाकर दुकान बंद कर दी और दुकान के ऊपर आवास में पूजा करने चले गए। इस दौरान दुकान के अंदर दीपक से आग लग गई। दुकान के अंदर से जब धुआं निकला तो हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाया। दुकानदर राजा रतन सिंह ने बताया कि आग लगने से करीब चार लाख का नुकसान हुआ है।
कन्नौज। पटाखे से खाद की दुकान के अंदर आग लग गई। इससे करीब एक लाख नुकसान हुआ। सदर कोतवाली के गांव गंगधरापुर निवासी चंद्र किशोर दुबे की नसरापुर में सपा कार्यालय के सामने खाद की दुकान है। गुरुवार को
दिवाली की पूजा कर वह दुकान बंद कर घर चले गए। इस दौरान रात करीब नौ बजे स्थानीय युवक दुकान के पास पटाखे छुड़ाने लगे। किसी तरह से दुकान के अंदर पटाखा चला गया और दुकान में आग लग गई। दुकानदार ने बताया कि करीब एक लाख का नुकसान हुआ है।