सौरिख। बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे जीजा-साले की बाइक में पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में जीजा की मौके पर ही मौत हो गई, साला घायल है। घायल को तिर्वा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के हबिलिया गांव निवासी गौरव शर्मा (25) पुत्र सुरेश चंद्र शर्मा गुरुवार देर रात औरैया के बेला गांव निवासी भाई के साले विवेक के साथ सौरिख बाजार आए थे। लौटते समय कुसमरा मार्ग पर राजापुर बंबा के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। दोनों गंभीर घायल हो गए।
परिजनों व पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, यहां चिकित्सकों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया विवेक को मेडिकल कालेज तिर्वा के लिए रेफर कर दिया। गौरव के पास हेलमेट नहीं था। भाई आदेश की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पिकअप व विशुनगढ़ थाने के मटेना गांव निवासी ड्राइवर अवनीश यादव पर मामला दर्ज किया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द किया। बाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया।