छिबरामऊ(कन्नौज)। जमीन जोतने और सरकारी नाली को अभिलेखों के अनुसार स्थापित करने की मांग को लेकर वकील का अनशन छठवें दिन भी जारी रहा। उधर पूरे प्रकरण में लेखपाल विवेक सोनी की लापरवाही सामने आने पर एसडीएम देवेश कुमार गुप्त ने ताहपुर का चार्ज छीन लिया। वकील के समर्थन में बार एसोसिएशन की हड़ताल भी जारी रही।
ताहपुर निवासी वकील राजीव पटेल जमीन जुतवाने व सरकारी नाली को स्थापित कराए जाने की मांग को लेकर छह दिन से तहसील परिसर में भूख हड़ताल पर बैठे हैं। अनशन पर बैठे वकील राजीव पटेल का सोमवार को स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से डॉ. परीक्षित सफीर टीम के साथ पहुंचे।
तहसील सभागार में एसडीएम देवेश कुमार गुप्त, तहसीलदार राजू कुमार व बार एसोसिएशन के महासचिव चंद्रजीत यादव, विकास गुप्ता, रजनीश यादव, अंकुर मिश्रा की ताहपुर के लेखपाल विवेक सोनी के साथ बैठक हुई। बैठक में जमीन की पैमाइश में लेखपाल की लापरवाही सामने आई। इस पर एसडीएम ने तहसीलदार को लेखपाल के ताहपुर के राजस्व कार्य के अभिलेख जमा कराने के निर्देश दिए। कहा कि कानूनगो आदित्य दीक्षित के साथ दो लेखपालों की टीम को मौके पर भेजकर पैमाइश कराएं। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को भी वकीलों की हड़ताल जारी रहेगी।