फोटो 08सीएचबीपी53: मंदिर की पैमाइश के दौरान मौजूद राजस्व टीम व भाकियू जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला। संवा?
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ। मोहल्ला शास्त्री नगर स्थित वनखंडेश्वरनाथ मंदिर की भूमि की पैमाइश शुक्रवार को भी नहीं हो सकी। पैमाइश के लिए गई राजस्व विभाग की टीम एक पक्ष के एतराज जताने पर वापस चली गई। टीम ने इसकी रिपोर्ट एसडीएम को सौंप दी है।
वनखंडेश्वर नाथ मंदिर के पास ही कुछ लोगों की निजी जमीन है। निकासी के लिए इन लोगों ने मंदिर की जमीन पर कई बार कब्जे का प्रयास किया। आसपास के लोगों के विरोध के चलते इन लोगों के मंसूबे पूरे नहीं हो सके। मंदिर की जमीन को कब्जे से बचाने के लिए आसपास के लोगों ने आपसी सहयोग से चहारदीवारी बनवाई थी।
इस दीवार को विपक्षियों ने ध्वस्त कर दिया था। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया था। एसडीएम अशोक कुमार के निर्देश पर नायब तहसीलदार रत्नेश कुमार श्रीवास्तव, लेखपाल विमल मिश्रा व ओमप्रकाश के साथ पैमाइश करने शुक्रवार को मौके पर गए। जानकारी होने पर दोनों पक्ष मौके पर पहुंच गए। एक पक्ष ने मंदिर के साथ आसपास की जमीन की पैमाइश कराने की मांग कर दी और मंदिर की जमीन की पैमाइश का विरोध करने लगे। इस पर राजस्व टीम बिना पैमाइश के ही लौट गई।
पैमाइश के दौरान भाकियू जिलाध्यक्ष राजा शुक्ला व युवा हिंदू नेता पुनीत दुबे भी पहुंच गए। पैमाइश पर सवालिया निशान उठाते हुए कहा कि मंदिर की जमीन पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। जब तक प्रशासन मंदिर की तीन डिसमिल जमीन को सुरक्षित नहीं करा देता तब तक विरोध जारी रहेगा।