उदघाटन के बाद रेलवे स्टेशन पर लहराता राष्ट्रीय ध्वज। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। रेलवेे स्टेशन पर सोमवार को सौ फीट ऊंचाई पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया। सांसद सुब्रत पाठक ने बटन दबाया और तिरंगा खुद-ब-खुद लहरा उठा। मौजूद लोगों ने तालियां बजा कर ध्वज का स्वागत किया। इस मौके पर राष्ट्रगान भी किया गया।
जिले के रेलवे स्टेशन को सौगात के रूप में यह प्रतिमान मिला है। लंबे समय की कवायद के बाद इसे स्थापित करने का काम किया गया। पहले इस ध्वज को 15 अगस्त को फहराना तय हुआ था लेकिन कुछ दिक्कत के चलते नहीं फहराया जा सका था। अब 15 दिन के बाद 30 अगस्त को ध्वज स्थापित हो जाने के बाद मुख्य अतिथि सांसद सुब्रत पाठक ने रेलवे स्टेशन पहुंच कर पहले कंप्यूटर स्क्रीन पर बटन दबाकर शिलापट को खोला। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज के पास पहुंच कर इलेक्ट्रॉनिक बटन दबाई। चंद सेकंड में राष्ट्रीय ध्वज 100 फीट की ऊंचाई पर लहराने लगा। तिरंगा लहराते ही मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। इसके बाद आरपीएफ के सिपाहियों ने सलामी दी। फिर राष्ट्रगान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डीआरएम आशुतोष पंत ने रेलवे स्टेशन की सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी। सांसद सुब्रत पाठक ने कहा कि इस ध्वज के स्थापित होने से जिले को एक अलग पहचान मिली है। उन्होंने भाजपा सरकार के कार्यकाल में किए जा रहे विकास कार्यों को भी गिनाया। इस मौके पर रेलवे विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के अलावा व्यापारी मौजूद रहे। इस दौरान व्यापारियों ने सांसद व डीआरएम का फूल माला से स्वागत किया। इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक अजय वार्ष्णेय, नीतू सिंह, रामवीर कठेरिया, तरुण चंद्रा, उमाकांत शुक्ला, पवन त्रिवेदी, श्याम दीक्षित, श्याम जी मिश्रा, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजेश दिवाकर, व्यापारी अनिल गुप्ता, राज शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।