छिबरामऊ। विकास खंड के ग्राम नंदलालपुर व मुड़िया में पंचायत घर व पलिया में अंत्येष्टि स्थल का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। इस पर पंचायत सचिवों व ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी कर 24 घंटे में निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
क्षेत्र की ग्राम पंचायत नंदलालपुर व मुड़िया में पंचायत घर का निर्माण होना प्रस्तावित हैं। दोनों गांवों में पंचायत घर के लिए नींव भर चुकी है, लेकिन इसके ऊपर निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है। मनरेगा के मद से मजदूरी की धनराशि भी निकाल ली गई है। इस निर्माण कार्य को शुरू कराए जाने के लिए नंदलालपुर की प्रधान मीना यादव, पंचायत सचिव अनुराधा, मुड़िया की प्रधान ऊषा यादव व पंचायत सचिव अनुज मिश्रा को नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा पलिया बूंचपुर गांव में प्रस्तावित अंत्येष्टि स्थल का निर्माण कार्य भी शुरू नहीं हो सका है। यहां पर अभी तक नींव भी नहीं भरवाई गई है। 25 फरवरी को जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्रा ने निरीक्षण कर अंत्येष्टि स्थल का निर्माण शुरू कराए जाने के निर्देश दिए थे, लेकिन 15 दिन का समय बीत जाने के बाद भी यहां कार्य शुरू नहीं हो पाया है। शुक्रवार को एडीओ पंचायत यशकरन सिंह ने प्रधान साधना दुबे व पंचायत सचिव अनुज मिश्रा को नोटिस जारी कर 24 घंटे में निर्माण कार्य शुरू कराए जाने के निर्देश दिए हैं।