कन्नौज। विधानसभा चुनाव की मतगणना की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और मीटिंग में बिना सूचना के नदारद रहने पर बीएसए, डीपीओ और समाज कल्याण अधिकारी को नोटिस जारी कर सवाल-जवाब किया गया है। निर्वाचन आयोग तीनों के कार्यों पर भी नाराजगी जताई है।
निर्वाचन आयोग की आठ मार्च को वीसी थी, उसमें कई जिलास्तरीय अधिकारियों को बुलाया गया था। उप जिला निर्वाचन अधिकारी गजेंद्र कुमार ने बताया कि बीएसए संगीता सिंह, डीपीओ इरा आर्या और समाज कल्याण अधिकारी इसमें शामिल नहीं हुए थे। इस वजह से तीनों अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बिनीत कटियार का कहना है कि कार्रवाई जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मिश्र के निर्देश पर की गई है।
अभिलेख लेकर निर्वाचन आयोग पहुंचे डीपीआरओ
जो प्रत्याशी विधानसभा चुनाव जीते हैं, उसके अभिलेख निर्वाचन आयोग को भेजने पड़ते हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बिनीत कटियार ने बताया कि इसके लिए डीपीआरओ जेके मिश्र को भेजा गया है। वे सभी प्रत्याशियों का लेखाजोखा ले गए हैं। हार्डकॉपी मिलने के बाद ही आयोग आगे की प्रक्रिया शुरू करता है।
फिर सील हो गईं ईवीएम, 90 दिन रहेंगी
मतगणना के बाद ईवीएम को फिर से सील कर दिया गया है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि कोई रिट आदि न कर दे, इसलिए 90 दिन तक इनको सुरक्षित रखा जाता है। उसके बाद निर्वाचन आयोग के आदेश पर चुनाव के लिए दूसरे प्रदेश में ईवीएम को भेजा जाता है।
सुबह चार बजे ऑफिस से मिली फुर्सत
मंडी समिति में वोटों की गिनती के बाद काम समाप्त नहीं हुआ। कई अफसर और निर्वाचन विभाग के अधिकारी रातभर काम निपटाते रहे। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि शुक्रवार को सुबह चार बजे कमरे पर पहुंच सके हैं। उसके बाद फिर कार्यालय के समय आना पड़ा। अन्य कर्मचारी भी कार्य में डटे रहे। हालांकि दफ्तर में सन्नाटा था।