जलालपुर पनवारा। कानपुर से पीजीआई सैफई जाते समय बीमार किसान की जाम में फंसने के दौरान कार में मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। घर लौटकर आए परिजनों ने किसान का अंतिम संस्कार कर दिया।
सदर कोतवाली के घमाइचमऊ गांव निवासी मखमूल खां (55) पुत्र जहूर खां करीब 15 दिन से बीमार थे। परिजनों ने उन्हें कानपुर के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने वायरल फीवर बताया था। आराम न मिलने पर कानपुर से उन्हें पीजीआई सैफई रेफर कर दिया गया।
इससे शुक्रवार शाम करीब सात बजे जीटी रोड होते हुए परिजन कार से लेकर उन्हें निकले थे। पत्नी अफसाना ने बताया कि जीटी रोड पर बिल्हौर में कार जाम में फंस गई। करीब डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे होने के दौरान पति की कार में मौत हो गई। पति की मौत के बाद अब दस बच्चों के लालन-पालन की जिम्मेदारी उस पर आ गई।