छिबरामऊ। नगर के 100 शैया अस्पताल में आयुष्मान मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाया जाएगा। इस वार्ड में प्राइवेट अस्पतालों की तर्ज पर मरीजों को सुविधाएं दी जाएंगी।
बुधवार को जिले के आयुष्मान के नोडल अधिकारी डॉ. जेपी सलोनिया, डीजीएम आशुतोष दीक्षित, डीआईएसएम अभिनव सिन्हा सौ शैया अस्पताल पहुंचे और सीएमएस डॉ. राजेश कुमार तिवारी से अस्पताल में आयुष्मान कार्ड से भर्ती होने वाले मरीजों और उनको मिलने वाले उपचार के बारे में जानकारी ली। जनपद की टीम ने अस्पताल में कार्यरत डॉ. अभिषेक कटियार को आयुष्मान भारत का नोडल अधिकारी बनाया। अस्पताल में कार्यरत आयुष्मान मित्र अरुण दयाल को प्रतिदिन कम से कम चालीस लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। डीजीएम आशुतोष दीक्षित ने बताया कि आयुष्मान कार्ड से अस्पताल में भर्ती होेने वाले मरीजों के लिए पहली मंजिल पर अलग वार्ड बनाया जाएगा। इस वार्ड में टीवी, एसपी, बेहतर सफाई के अलावा मरीजों की हर सुविधा का ध्यान रखा जाएगा। इन मरीजों से उपचार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इन लाभार्थियों का बनेगा आयुष्मान कार्ड
डीजीएम आशुतोष दीक्षित ने बताया कि केंद्र की ओर से प्राप्त हुई सूची, अंत्योदय राशन कार्ड, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सहित किसी भी सैन्य सेवा में कार्यरत, पात्र गृहस्थी में जिस लाभार्थी का नाम होगा, उसका आयुष्मान कार्ड बन जाएगा। इसके अलावा राशन कार्ड, नाम व मोबाइल नंबर से सर्च करने पर जिसका नाम आएगा, उसका भी आयुष्मान कार्ड बन जाएगा। उन्होंने बताया कि आंखों का टेस्ट करने के बाद आयुष्मान लाभार्थी का ऑपरेशन कराने पर सरकार की ओर से साढ़े सात हजार की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।