जलालाबाद(कन्नौज)। पंचायत भवन में कामकाज को लेकर ग्राम विकास अधिकारी(सचिव) व प्रधान पुत्र में गाली गलौज और मारपीट हो गई। दोनों तरफ से जूता-चप्पल चले। मारपीट से नाराज पंचायत सचिवों ने ब्लाक मुख्यालय पर धरना शुरू कर दिया है। सचिव ने जिलाधिकारी से प्रधान पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
गुगरापुर ब्लाक की ग्राम पंचायत बरकागांव की ग्राम प्रधान निर्मला देवी के पुत्र हिमांशू व ग्राम विकास अधिकारी सचिन वर्मा के बीच पंचायत में विकास कार्यों को लेकर खींचतान चल रही है। बुधवार को प्रधान पुत्र ब्लाक कार्यालय आए। पंचायत भवन के काम बंद करने की बात कही। इससे गाली गलौज होने लगा। मामला बढ़ता देख मौके पर मौजूद ब्लाक प्रमुख संदीप चतुर्वेदी व गोसाईंदासपुर के प्रधान बबलू पाल व अन्य लोगों ने बीच बचाव कराया। प्रधान पुत्र को घर भेज दिया गया।
गुरुवार को बीडीओ जेएन राव ने प्रधान पुत्र व ग्राम विकास अधिकारी को कार्यालय बुलाकर बातचीत की। बीडीओ के सामने भी कहासुनी होने लगी। आरोप है कि प्रधान पुत्र ने एस्टीमेट फाड़ दिया। बाहर निकलने पर दोनों लोगों के बीच गाली गलौज के बाद जूता-चप्पल चलने लगे। मारपीट से बौखलाए सचिव ने अन्य ब्लॉकों से सचिवों को बुला लिया। ब्लाक मुख्यालय पर धरने पर बैठ गए। जिलाधिकारी से प्रधान पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की जा रही है।
सचिव सचिन वर्मा का कहना है कि प्रधान पुत्र मनरेगा में मजदूरों की फर्जी हाजिरी को लेकर दबाव बना रहे हैं। मना करने पर पंचायत में कोई भी काम करने नहीं दे रहे। हर ग्राम पंचायत में पंचायत भवन बनवाने व मरम्मत कराने को लेकर शासन से निर्देश हैं। वहीं दूसरी तरफ प्रधान पति संतराम का कहना है सचिव सचिन वर्मा सही कार्य नहीं कर रहे। विकास में घपला करना चाहते हैं। काम से मना करने पर पुत्र के साथ मारपीट कर दी। धरने में मुख्य रूप से ग्राम विकास अधिकारी सचिन वर्मा, संजय पाल, ब्रजेंद्र सिंह, बाबूलाल गौतम,विमलेश कुमार, संजीव कुमार, अशोक प्रजापति, अवनीश कुमार, शिवमोहन, अंकित कुमार,रईस अहमद, अनुज पाठक सहित गुगरापुर, जलालाबाद, तालग्राम, सौरिख, कन्नौज के सचिव मौजूद रहे।