मानीमऊ(कन्नौज)। ठठिया के एक किसान की मानीमऊ क्षेत्र में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। परिजनों ने पटरी पार करते समय हादसा होने की बात कही है। दूसरी ओर इलाकाई लोगों ने इसे खुदकुशी बताया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
ठठिया के खालेपुर्वा गांव का किसान उमाकांत (47) सोमवार सुबह करीब नौ बजे मानीमऊ बाजार के सामने कानपुर की तरफ जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि वह ट्रेन देखकर कूद गया। वह काफी देर से आसपास के दुकानदारों को अपना मोबाइल दे रहा था। कह रहा था इसे रख लो, वह जिंदगी से ऊब चुका है। किसी ने मोबाइल नहीं लिया तो रेलवे लाइन पर मोबाइल रखकर ट्रेन के आगे कूद गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल के जरिए परिवार को घटना की जानकारी दी।