गर्मी के चलते पेड़ के नीचे बैठकर ठंडा दूध पीते लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मंगलवार को निकली चिलचिलाती धूप से बढ़ी उमस ने आम जन मानस को बेहाल कर दिया। छांव में खड़े होने के बावजूद हर कोई पसीने से तरबतर हो गया। तेज धूप के कारण विकास भवन सहित अन्य दफ्तरों में इक्का-दुक्का फरियादियों ने पहुंचकर शिकायतें दर्ज कराईं। सोमवार शाम आई तेज आंधी ने कई क्षेत्रों में भारी नुकसान किया।
पोलों के उखड़ जाने से विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। कुछ मिनटों के लिए हुई रिमझिम बारिश से पिछले कई दिनों से उमस भरी गरमी झेल रहे लोगों को राहत तो जरूर मिली, लेकिन यह खुशी चंद समय की थी। मंगलवार को सुबह नौ बजते ही सूर्य देव की लालिमा ने सभी को बेहाल करना शुरू कर दिया।
दोपहर के बारह बजने के बाद मार्गों पर लोगों का चलना मुश्किल हो गया। रोजमर्रा की नौकरी करने वाले लोग गमछा बांधकर यात्रा तय की। सीएसए के मौसम वैज्ञानिक सीवी सिंह ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.8 जबकि न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। उमस अधिकतम 90 व न्यूनतम 70 फीसदी रही। 8, 9, 10, 11, 12 को उमस बढ़ने की संभावना है। उमस बढ़ने के से बुधवार को दोपहर बाद बारिश की भी संभावना है।