Demonstration of women suffering from drinking water crisis
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ। नगर के मोहल्ला इंद्रा नगर नई बस्ती में पाइप लाइन न पड़ी होने से लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि नियमित तौर पर उनके मोहल्ले में सफाई भी नहीं होती है। गुस्साई महिलाओं ने पालिका के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
नगर के मोहल्ला इंद्रा नगर नई बस्ती की महिलाओं ने रविवार को पेयजल संकट को लेकर पालिका के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। मोहल्ले की उमा शर्मा ने बताया कि उनकी गली में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन नहीं डाली गई है। इससे मोहल्ले के लोगों को पानी की काफी दिक्कत हो रही है।
पाइप लाइन डलवाने के लिए उन्होंने पालिका के अधिकारियों को कई बार पत्र, लिखा लेकिन आज तक सुनवाई नहीं हुई। इसके अलावा मोहल्ले में नियमित तौर पर सफाई कर्मी नहीं आता है। संचारी रोगों से बचाव के लिए अभी तक उनकी गली में छिड़काव भी नहीं कराया गया है। इस दौरान नीलम यादव, पूनम, मूर्ति देवी, भावना, लक्ष्मी, रीना, प्रतिज्ञा, मिथलेश व दया देवी मौजूद रहीं।
हर रोज कराई जाती है सफाई : ईओ
महिलाओं के प्रदर्शन को लेकर ईओ सुरेंद्र कुमार केसरवानी ने बताया कि नियमित तौर पर नगर के हर मोहल्ले में सफाई कराई जाती है। रोस्टर के हिसाब से दवाओं का छिड़काव भी होता है। पाइप लाइन न होने से संबंधित कोई शिकायत अभी तक उनके पास नहीं आई है।